IIT कानपुर की विशेषज्ञ टीम ने प्रयोगशालाओं के उच्चीकरण हेतु राजकीय महाविद्यालय रानीखेत की विज्ञान प्रयोगशालाओं का किया निरीक्षण

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। उत्तराखण्ड, उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रयोगशालाओं के उच्चीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा संचालित पहल के अंतर्गत आज स्वर्गीय श्री जयदत्त वेला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर द्वारा गठित विशेषज्ञों की एक टीम ने महाविद्यालय के विज्ञान संकाय के विभिन्न विभागों की प्रयोगशालाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।

इस विशेषज्ञ दल में पंडित पृथ्वी नाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय से आए वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉ. आर. के. निगम, भौतिक विज्ञान विभाग के डॉ. सतीश चंद्र, जंतु विज्ञान विभाग की डॉ. रेनू गोयल तथा रसायन विज्ञान विभाग के डॉ. धनंजय सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम की संयोजिका सुश्री प्रियंका कुमारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं।

विशेषज्ञ दल ने महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान, जंतु विज्ञान, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं गणित विभागों की प्रयोगशालाओं तथा उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का गहन एवं सूक्ष्म निरीक्षण किया। 

इस दौरान प्रयोगशालाओं में उपलब्ध उपकरणों एवं सुविधाओं का अवलोकन करने के साथ-साथ आवश्यक उपकरणों, संसाधनों एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं, विभागों की भावी आवश्यकताओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। विशेषज्ञ दल ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित शैक्षणिक एवं प्रयोगात्मक गतिविधियों की सराहना भी की।

वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर पुष्पेश पांडे ने विशेषज्ञ दल के सभी सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने इस पहल को महाविद्यालय की प्रयोगशालाओं के उन्नयन तथा विद्यार्थियों को बेहतर प्रयोगात्मक एवं शोधपरक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रोफेसर पी. एन. तिवारी ने विशेषज्ञ दल के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों द्वारा प्रत्येक विभाग की प्रयोगशालाओं का बारीकी से निरीक्षण कर उनकी आवश्यकताओं को समझना महाविद्यालय के लिए अत्यंत उपयोगी एवं सकारात्मक पहल है।यह निरीक्षण महाविद्यालय में विज्ञान शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों में प्रयोगात्मक एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा भविष्य में प्रयोगशालाओं को आधुनिक एवं सुविधासंपन्न बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध होगा।

इस अवसर पर डॉ. दीपा पांडे, डॉ. प्रसून जोशी, डॉ. रश्मि रौतेला, डॉ. प्रमोद जोशी, डॉ. अतुल उप्रेती, डॉ. चंद्रशेखर पंत, डॉ. कोमल गुप्ता, डॉ.. तनुजा तिवारी, डॉ. मीना परगई, डॉ. अपूर्वा जोशी, डॉ. स्तुति जोशी एवं डॉ. आशा उप्रेती उपस्थित रहे।

See also  पूर्व सैनिक देवेंद्र सिंह बिष्ट बने उत्तराखंड क्रांति दल सैनिक प्रकोष्ठ के केंद्रीय महामंत्री, क्षेत्र में खुशी की लहर
error: Content is protected !!