ग्रामीणों ने सिस्टम को दिखाया आईना : गेंटी सब्बल पकड़ खुद सड़क बनाने उतरे ग्रामीण ढोल दमाऊं बजाकर शुरू किया काम….

सड़क नहीं होने से रास्ते में गूंजी नवजात की किलकारी, 3 किलोमीटर पैदल चलने को मजबूर गर्भवती महिला ने दिया बच्ची को जन्म

सड़क सुविधा के अभाव ने खोली सरकारी दावों की पोल, गर्भवती को अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में कराना पड़ा प्रसव; अब ग्रामीणों ने कुदाल-फावड़े उठाकर खुद शुरू किया सड़क निर्माण

चमोली। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति आज भी ग्रामीणों के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। सरकारें पहाड़ों में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे करती रही हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कई बार इन दावों की पोल खोल देती है। चमोली जिले के कर्णप्रयाग विकासखंड से सामने आई एक घटना ने एक बार फिर पहाड़ की इसी पीड़ा को उजागर किया है। गांव तक सड़क नहीं होने के कारण एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा के दौरान करीब तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। इस दौरान अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में महिला का प्रसव हो गया और उसने एक बच्ची को जन्म दिया। घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने अब सरकारी इंतजार छोड़कर खुद ही सड़क बनाने का फैसला कर लिया है।

इस घटना ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क की मांग की जा रही है, लेकिन हर बार आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। यदि गांव तक सड़क होती तो गर्भवती महिला को इस तरह प्रसव पीड़ा में पैदल नहीं चलना पड़ता और न ही रास्ते में प्रसव कराने की नौबत आती।

ढोल-दमाऊं की थाप पर ग्रामीणों ने शुरू किया सड़क निर्माण

गर्भवती महिला के साथ हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों ने अब खुद ही अपनी समस्या का समाधान करने का बीड़ा उठा लिया है। बृहस्पतिवार को मौली, गनोली, र्वेंठा और आसपास के गांवों के 50 से अधिक महिला, पुरुष और युवा कुदाल, फावड़े और अन्य औजार लेकर पहाड़ पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने ढोल-दमाऊं की थाप के बीच सामूहिक श्रमदान शुरू किया और सड़क की कटिंग का काम अपने हाथों में ले लिया। महिलाओं और युवाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इस अभियान में हिस्सा लिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण का काम आगे नहीं बढ़ता, तब तक वे अपने स्तर से श्रमदान जारी रखेंगे।

ग्रामीणों के अनुसार, सात गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए कांचुला-गैन-सजंकटा मोटर मार्ग की योजना वर्ष 2006 में तैयार की गई थी। इस सड़क के निर्माण से डोंठला, गनोली, र्वेंठा, मौली, रोलजुवाड़ी, गैन और सजंकटा समेत सात गांवों को लाभ मिलना प्रस्तावित है।

वर्ष 2018 में वन अधिनियम के तहत जरूरी मंजूरी मिलने के बाद कांचुला से गनोली के नजदीक तक लगभग ढाई किलोमीटर सड़क का निर्माण किया गया। हालांकि इसके आगे गनोली से मौली और गैन की ओर तीन किलोमीटर से अधिक सड़क आज भी अधूरी पड़ी है।

ग्रामीणों का कहना है कि वित्तीय स्वीकृति नहीं मिलने के कारण आगे का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। करीब दो दशक बीतने के बावजूद सड़क का सपना पूरा नहीं होने से लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि हर बार उन्हें जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सड़क नहीं होने का सबसे ज्यादा खामियाजा गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, बीमार लोगों और स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ता है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को मुख्य सड़क तक पहुंचाना भी ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है।

अब आश्वासन नहीं, गांव तक सड़क पहुंचने का इंतजार

ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर, अवतार सिंह और राजेंद्र सिंह सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। सरकारें और जनप्रतिनिधि बदलते रहे, लेकिन गांव तक सड़क पहुंचाने का सपना अधूरा ही रहा।

ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि अब वे केवल आश्वासनों के भरोसे नहीं बैठेंगे। अपने स्तर पर श्रमदान कर सड़क निर्माण की दिशा में प्रयास जारी रखेंगे। उनका उद्देश्य है कि भविष्य में किसी गर्भवती महिला, मरीज, बुजुर्ग या बच्चे को इलाज और जरूरी सुविधाओं के लिए इस तरह की मुश्किलों का सामना न करना पड़े।

चमोली के मौली तोक की यह घटना पहाड़ों में बुनियादी सुविधाओं की वास्तविक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है। एक ओर सड़क के अभाव में गर्भवती महिला को रास्ते में बच्ची को जन्म देना पड़ा, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों को खुद कुदाल-फावड़े उठाकर सड़क बनाने के लिए मजबूर होना पड़ा। अब देखना होगा कि ग्रामीणों के इस सामूहिक प्रयास के बाद शासन-प्रशासन और संबंधित विभाग कब जागते हैं और वर्षों से अधूरी पड़ी सड़क को पूरा करने के लिए कब ठोस कार्रवाई करते हैं।

See also  रानीखेत में युवा कांग्रेस की जिला बैठक, 8 अगस्त को खड़गे की हल्द्वानी रैली को सफल बनाने का लिया संकल्प
error: Content is protected !!