स्व. जयदत्त वैला राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में स्व-गणना की प्रक्रिया एवं महत्व पर कार्यशाला आयोजित

स्व. श्री जयदत्त वैला राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में स्व-गणना की प्रक्रिया एवं महत्व पर कार्यशाला आयोजित की गई। जहां पर प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

रिपोर्ट — बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। स्वर्गीय  दत्त वैला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत के कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में स्व-गणना (Self Enumeration) विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्व-गणना की प्रक्रिया, उसकी उपयोगिता एवं इसके विभिन्न चरणों के संबंध में प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें व्यावहारिक रूप से प्रशिक्षित करना था।

कार्यशाला में महाविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. धीरज सिंह खाती एवं नगरपालिका परिषद, चिलियानौला से आमंत्रित प्रशिक्षक जिज्ञासा भण्डारी बोरा ने स्व-गणना की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने स्व-गणना के विभिन्न चरणों, आवश्यक जानकारियों को ऑनलाइन दर्ज करने की प्रक्रिया तथा इस दौरान ध्यान रखे जाने वाले महत्वपूर्ण बिंदुओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान जिज्ञासा भण्डारी बोरा ने स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया का डेमो (प्रदर्शन) प्रस्तुत करते हुए बताया कि किस प्रकार निर्धारित प्रक्रिया का अनुसरण कर व्यक्ति स्वयं अपनी एवं अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां दर्ज कर सकता है। उन्होंने स्व-गणना के प्रत्येक चरण को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया, जिससे प्रतिभागियों को इस प्रक्रिया की स्पष्ट समझ प्राप्त हो सके।कार्यशाला में 10 प्राध्यापक कर्मचारियों की स्व-गणना मौके पर ही कराई गयी।

इस अवसर पर महाविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. धीरज सिंह खाती ने भी स्व-गणना के उद्देश्य, आवश्यकता एवं इसके प्रभावी क्रियान्वयन में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्व-गणना जैसी प्रक्रिया नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी उपलब्ध कराने का अवसर प्रदान करती है। इससे संबंधित कार्यों में जागरूकता, सहभागिता एवं उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहन मिलता है।

कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे भी उपस्थित रहे। उन्होंने इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समसामयिक एवं उपयोगी बताते हुए कहा कि किसी भी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया की सफलता के लिए जन-जागरूकता एवं सही जानकारी का प्रसार आवश्यक है। उन्होंने कार्यशाला के माध्यम से प्राप्त जानकारी को व्यापक स्तर पर साझा करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्व-गणना प्रक्रिया को समझने और अपनाने पर बल दिया।

कार्यशाला में स्व-गणना की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन विशेष रूप से उपयोगी रहा। इससे प्रतिभागियों को न केवल सैद्धांतिक जानकारी प्राप्त हुई, बल्कि उन्हें स्वयं स्व-गणना करने की प्रक्रिया को समझने का अवसर भी मिला।

इस प्रकार कार्यशाला का आयोजन स्व-गणना के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा इसकी प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।

See also  गजराज बिष्ट की जातिवादी राजनीति से जनता नाराज, सबक सिखाने को तैयार हैं हल्द्वानीः ललित जोशी
error: Content is protected !!