गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक गांधी कुटीर ताड़ीखेत से ताड़ीखेत बाजार तक पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में मशाल जुलूस निकाला।
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर ऐतिहासिक ताड़ीखेत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में मशाल जुलूस निकाला। जुलूस ऐतिहासिक गांधी कुटीर से शुरू होकर ताड़ीखेत बाजार तक पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के भजनों के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के जयकारे लगाए।
बताया गया कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जून 1929 में महात्मा गांधी तीन दिवसीय प्रवास पर ताड़ीखेत स्थित गांधी कुटीर में ठहरे थे। गांधी जी के इस ऐतिहासिक प्रवास की स्मृति को जीवंत रखने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से मशाल जुलूस निकाला जाता है।
गांधी कुटीर से मशाल लेकर निकले कांग्रेस कार्यकर्ता देशभक्ति के नारों और गांधी जी के भजनों के साथ ताड़ीखेत बाजार की ओर बढ़े। जुलूस में शामिल कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वराज के संदेश को याद किया।
ताड़ीखेत बाजार पहुंचने के बाद आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के जीवन एवं उनके विचारों पर प्रकाश डाला। पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश को स्वतंत्रता की राह दिखाई। उन्होंने गांधी जी के विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि गांधी जयंती केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उनके विचारों, सिद्धांतों और देश के प्रति उनके योगदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने लोगों से गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
मशाल जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर नगर पालिका चिलियानौला अध्यक्ष अरुण रावत, चिलियानौला अध्यक्ष कमलेश बोरा, पूर्व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल, चंदन सिंह, मोहन सिंह सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


