विकासखण्ड ताड़ीखेत में “हमारा ब्लॉक, हमारा अनुभव” सम्मेलन का आयोजन।
ब्लॉक प्रमुख बबली मेहरा बोलीं— पूर्व प्रतिनिधियों के अनुभव और नए विचारों के समन्वय से बनेगा ताड़ीखेत आदर्श विकासखंड
रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। विकासखंड ताड़ीखेत में क्षेत्र के समग्र विकास, जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद और अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को विकासखंड सभागार में “हमारा ब्लॉक, हमारा अनुभव (पुरानी यादें, नया संकल्प)” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख बबली मेहरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सम्मेलन में पूर्व एवं वर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्यों, पूर्व ब्लॉक प्रमुखों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए। साथ ही क्षेत्र के विकास से जुड़े सुझाव भी रखे। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व जनप्रतिनिधियों के अनुभवों को नई पीढ़ी के निर्वाचित प्रतिनिधियों तक पहुंचाना, आपसी संवाद को मजबूत करना तथा नए नवाचारों के माध्यम से ताड़ीखेत के विकास को नई दिशा देना रहा।
ब्लॉक प्रमुख बबली मेहरा ने कहा कि विकासखंड को आदर्श बनाने के लिए अनुभव और नवाचार दोनों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में पूर्व ब्लॉक प्रमुख, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य और वर्तमान जनप्रतिनिधि एक मंच पर आए, जहां सभी ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रतिनिधियों के मार्गदर्शन और अनुभवों से सीख लेकर विकास कार्यों को और प्रभावी बनाया जाएगा।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख धन सिंह रावत ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान ब्लॉक प्रमुख ने पुराने और नए जनप्रतिनिधियों का पुनर्मिलन कर एक सराहनीय पहल की है। ऐसे कार्यक्रमों से जनप्रतिनिधियों को एक-दूसरे से सीखने और विकास के बेहतर मॉडल अपनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि वर्षों बाद पुराने साथियों से मिलने का अवसर भी इस सम्मेलन के माध्यम से मिला।
धन सिंह रावत ने पंचायती राज व्यवस्था को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि 74वें संविधान संशोधन के तहत 29 विभाग पंचायतों को हस्तांतरित किए जाने का प्रावधान है, लेकिन वास्तविकता में इन अधिकारों का पूर्ण हस्तांतरण दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि यदि पंचायतों को वास्तविक अधिकार और संसाधन मिलें तो ब्लॉक स्तर पर विकास कार्यों को और गति मिल सकती है।
सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, ग्रामीण विकास और पंचायतों को अधिक अधिकार दिए जाने जैसे विषयों पर भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि अनुभवी प्रतिनिधियों के मार्गदर्शन और युवा जनप्रतिनिधियों की नई सोच के समन्वय से ताड़ीखेत विकासखंड को नई पहचान दिलाई जा सकती है।
कार्यक्रम में कनिष्ठ प्रमुख जीवन सिंह बुदानी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख धन सिंह रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कृपाल राम, आनन्द बुधानी, तारा सिंह बिष्ट, प्रभात सिंह नेगी, नवीन सिंह कुवार्बी, त्रिभुवन सिंह फर्तियाल, अभिषेक बिष्ट सहित वर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


