अल्मोड़ा। जनपद में दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षित बिक्री व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए औषधि विभाग ने सोमवार को रानीखेत और मजखाली क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
औषधि निरीक्षक अल्मोड़ा पूजा जोशी ने विभिन्न मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण कर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के तहत निर्धारित मानकों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के आधार पर मजखाली स्थित एक मेडिकल स्टोर का क्रय-विक्रय तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। वहीं अन्य कुछ मेडिकल प्रतिष्ठानों से सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
औषधि निरीक्षक ने रानीखेत स्थित गोविन्द सिंह मेहरा राजकीय चिकित्सालय के औषधि भंडारण केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन को दवाओं के सुरक्षित एवं नियमानुसार भंडारण, निर्धारित तापमान पर संरक्षण, एक्सपायर्ड एवं निकट एक्सपायरी दवाओं को अलग रखने, स्टॉक रजिस्टर के नियमित रखरखाव तथा विशेष श्रेणी की दवाओं का अभिलेख संधारित करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान कुल चार औषधि नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए औषधि विश्लेषणशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
औषधि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

