वाडियूं गांव में दिनदहाड़े हुई दर्दनाक घटना, शव को खंडहर मकान में ले जाकर नोचता रहा गुलदार; ग्रामीणों में भारी आक्रोश
पौड़ी गढ़वाल के कोट विकासखंड की सितोनस्यूं पट्टी स्थित ग्राम पंचायत वड्डा के वाडियूं गांव में मंगलवार को गुलदार के हमले ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया।
घास लेने गई एक महिला पर घात लगाए बैठे गुलदार ने दिनदहाड़े हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना इतनी भयावह थी कि गुलदार ने महिला का सिर धड़ से अलग कर दिया।
जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर से करीब 200 मीटर दूर घास लेने गई थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। काफी देर तक महिला के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान ग्रामीणों को महिला का शव गांव से करीब 50 मीटर ऊपर स्थित एक पुराने खंडहर मकान में मिला। बताया जा रहा है कि गुलदार शव को वहां तक घसीटकर ले गया था और उसे नोचकर खा रहा था। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार शव को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की गतिविधियां देखी जा रही थीं, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को तत्काल आदमखोर घोषित कर पकड़ने अथवा मारने की मांग की है। वहीं सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से अकेले जंगल या सुनसान क्षेत्रों में न जाने तथा विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि गुलदार को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

