CBSE द्वारा आयोजित क्षमता निर्माण कार्यशाला APS रानीखेत में संपन्न
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के तत्वावधान में आर्मी पब्लिक स्कूल, रानीखेत में शिक्षकों के लिए एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला (सीबीपी) का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य विषय “Educating Parents about Education – अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना” रहा। इसका उद्देश्य शिक्षकों और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं मनोवैज्ञानिक आवश्यकताओं को समझने के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यशाला में सीबीएसई रिसोर्स पर्सन कमलेश जोशी ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा की प्रक्रिया केवल विद्यालय की चारदीवारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें अभिभावक, शिक्षक और विद्यार्थी की साझा भूमिका होती है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इन तीनों के बीच बेहतर तालमेल और सकारात्मक संवाद बेहद आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शैक्षिक परिवेश तेजी से बदल रहा है। ऐसे में अभिभावकों के लिए अपने बच्चों की मनोवैज्ञानिक और शैक्षणिक आवश्यकताओं को समझना जरूरी है। जब अभिभावक बच्चों की रुचि, उनकी क्षमताओं और सीखने की प्रक्रिया को समझेंगे, तभी वे उनकी शिक्षा में सार्थक योगदान दे सकेंगे।
कमलेश जोशी ने कार्यशाला के दौरान शिक्षकों को अभिभावकों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने, सकारात्मक पेरेंटिंग को प्रोत्साहित करने और बच्चों में सीखने के प्रति रुचि विकसित करने की व्यवहारिक रणनीतियों की जानकारी दी। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक कर बच्चों के सीखने के अनुकूल वातावरण तैयार किया जा सकता है।
कार्यशाला में आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत के शिक्षकों के साथ ही क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए कुल 55 शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और शिक्षा में अभिभावकों की भागीदारी को प्रभावी बनाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यालय की शिक्षिका निभा सिंह ने किया। उन्होंने कार्यशाला में शामिल सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यशाला के माध्यम से शिक्षकों को अभिभावकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और विद्यार्थियों की शिक्षा में परिवार की भूमिका को मजबूत बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।


