भीमताल। बबियाड, दुदुली और अमदो क्षेत्र की बदहाल सड़कों एवं मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने भाजपा सरकार, क्षेत्रीय सांसद और विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनका गृह क्षेत्र पिछले 10 वर्षों से सरकारी उपेक्षा का शिकार बना हुआ है, लेकिन जनप्रतिनिधियों ने केवल चुनावी वादे किए और धरातल पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ।
मनोज शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन से बबियाड जा रही रोडवेज बस रास्ते में अचानक खराब हो गई। बस से तेज आवाज आने लगी, नीचे से तेल या पानी बहने लगा और धुआं उठने लगा। इससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के कारण बस से बाहर निकल आए।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व दुदुली क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे, जिसमें दो लोगों की मौत हुई थी और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, के बाद क्षेत्र में पहले से ही भय का माहौल बना हुआ है। ऐसे में रोडवेज बस की खराबी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि बबियाड-टपूवा-दुदुली मोटर मार्ग वर्षों से जर्जर स्थिति में है। जनता लगातार सड़क सुधार की मांग कर रही है, लेकिन हर चुनाव में जनप्रतिनिधि आश्वासन देकर चले जाते हैं और सड़क की हालत और खराब होती जा रही है।
उन्होंने परिवहन विभाग पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी लंबी दूरी और खराब सड़क पर चलने वाली बसों की नियमित फिटनेस जांच होनी चाहिए। साथ ही इस मार्ग पर नई और बेहतर स्थिति वाली बसें संचालित की जानी चाहिए।
मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में सड़क निर्माण, जल जीवन मिशन सहित कई विकास कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुदुली हादसे के बाद भी मृतकों के परिजनों और घायलों को अब तक कोई राहत राशि नहीं दी गई है और न ही कोई जिम्मेदार जनप्रतिनिधि उनसे मिलने पहुंचा है। इससे सरकार की संवेदनहीनता साफ दिखाई देती है।

