रानीखेत में भूमि पूजन के साथ ही रोडवेज बस डिपो के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ।
डेढ़ वर्ष में तैयार होगी बहुमंजिला इमारत, बस स्टेशन के साथ पार्किंग की भी होगी सुविधा
रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। शहर की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत रानीखेत रोडवेज स्टेशन परिसर में नए रोडवेज बस डिपो के निर्माण कार्य का शनिवार को विधिवत शुभारंभ किया गया।
क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई।
इस अवसर पर विधायक ने बताया कि रानीखेत का पुराना रोडवेज स्टेशन लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। मुख्यमंत्री द्वारा इसके निर्माण के लिए 9 करोड़ 3 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी। उन्होंने बताया कि 22 दिसंबर को ताड़ीखेत में इसका शिलान्यास हुआ था, लेकिन तकनीकी कारणों से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका था। अब भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गया है।
उन्होंने कहा कि नई बहुमंजिला इमारत में आधुनिक रोडवेज बस स्टेशन के साथ पार्किंग की सुविधा भी विकसित की जाएगी। परियोजना को लगभग डेढ़ वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
एनएच चौड़ीकरण को लेकर विपक्ष के आरोपों पर विधायक ने कहा कि लोगों में भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक किसी प्रकार की अधिसूचना जारी नहीं हुई है और न ही किसी दुकानदार को नुकसान पहुंचाने की कोई योजना है। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण केवल उन स्थानों पर किया जाएगा जहां सड़क की चौड़ाई 5–6 मीटर है, जिसे बढ़ाकर लगभग 11 मीटर किया जाएगा। अन्य स्थानों पर वैकल्पिक समाधान तलाशे जाएंगे।
डॉ. नैनवाल ने रानीखेत अस्पताल से डॉक्टरों के तबादले के मुद्दे पर भी कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्री से वार्ता की है तथा उनके प्रयासों से चार डॉक्टरों को फिलहाल यहीं बनाए रखने की सहमति मिली है।
कार्यक्रम में सहायक महाप्रबंधक धर्मानंद जोशी, गिरीश चमोली, सुरेश आर्या, मदन सिंह बिष्ट, हरीश बुधानी, लाल सिंह सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

