अल्मोड़ा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत अल्मोड़ा जनपद की रानीखेत एवं द्वाराहाट विधानसभा में प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों में यह कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। उन्होंने इस उपलब्धि पर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सुपरवाइजरों, बीएलओ तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण और टीम भावना की सराहना की।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 का उद्देश्य निर्वाचन नामावली को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रभावी ढंग से प्रयोग कर सके। डिजिटाइजेशन की यह प्रक्रिया निर्वाचन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सटीक और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि यदि किसी मतदाता को निर्वाचन नामावली में नाम जोड़ने, संशोधन, नाम हटाने अथवा अन्य किसी जानकारी की आवश्यकता हो तो वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
साथ ही उन्होंने उन मतदाताओं से भी आग्रह किया, जिन्होंने अभी तक अपने गणना प्रपत्र बीएलओ को जमा नहीं किए हैं, वे शीघ्र अपने प्रपत्र जमा कर मतदाता सूची को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाने में सहयोग प्रदान करें।

