केतन अग्रवाल हत्याकांड: सिया-चेतन के रिश्ते पर बड़ा खुलासा, 2004 कॉल और डिलीट चैट्स की हो रही फोरेंसिक जांच

Share the News

केतन अग्रवाल मर्डर केस में बड़ा खुलासा… सामने आया नया एंगल, सिया के भाई ने खोले कई अहम राज़

पुणे में रीयल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस जांच में आरोपियों सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच गहरे निजी संबंधों का खुलासा हुआ है। जांच के अनुसार, चेतन की पहचान सिया के बड़े भाई साहिल गोयल से क्रिकेट के जरिए हुई थी और इसी जान-पहचान के चलते सिया और चेतन एक-दूसरे के संपर्क में आए।

पुलिस के मुताबिक, चेतन एक क्रिकेटर है और उसने साहिल के साथ कई मैच खेले थे। सिया भी अक्सर अपने भाई के साथ मैच देखने जाती थी, जहां दोनों की पहली मुलाकात हुई। बाद में वर्ष 2025 में एक कॉमन फ्रेंड की दिवाली पार्टी में दोनों की दोबारा मुलाकात हुई, जिसके बाद उनकी बातचीत लगातार बढ़ती गई।

जांच में सामने आए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक सिया और चेतन के बीच कुल 2,004 कॉल हुए, जिनकी कुल अवधि लगभग 238 घंटे रही। पुलिस इसे दोनों के बीच लगातार संपर्क का महत्वपूर्ण संकेत मान रही है।

शुक्रवार को पुलिस ने सिया के भाई साहिल गोयल से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। अधिकारियों के अनुसार, साहिल से चेतन और सिया के संबंधों को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गईं। पुलिस अब परिवार के अन्य सदस्यों के बयान भी दर्ज करने की तैयारी में है।

जांच के दौरान यह भी पता चला है कि दोनों आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप चैट, इंस्टाग्राम इंटरैक्शन और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड कथित रूप से डिलीट कर दिए थे। इतना ही नहीं, रीसायकल बिन भी खाली कर दिया गया था। अब इन डिलीट किए गए डेटा की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि बातचीत की पूरी टाइमलाइन सामने लाई जा सके।

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि केतन अग्रवाल की मौत से एक दिन पहले, 17 जून को सिया गोयल और चेतन चौधरी पुणे के लुल्ला नगर स्थित एक कैफे में करीब एक घंटे तक मिले थे। दोनों शाम लगभग 4:30 बजे से 5:30 बजे तक कैफे में मौजूद रहे। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस मुलाकात के दौरान कथित अपराध से जुड़ी कोई साजिश या चर्चा हुई थी या नहीं।

फिलहाल पुलिस सभी डिजिटल और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को जोड़कर मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।

See also  युवती ने युवक पर डाला जबरन शादी का दबाव, युवती ने दी ‘ड्रम में भरने’ की धमकी
error: Content is protected !!