राजकीय स्नातककोत्तर महाविद्यालय रानीखेत में रेड क्रॉस प्रकोष्ठ एवं एन एस एस के संयुक्त तत्वाधान में नशा मुक्ति जागरूकता पर एक भव्य रैली का आयोजन।
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। स्व. जयदत्त वैला राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत में रेड क्रॉस प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत भव्य रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं स्थानीय नागरिकों ने समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य पुष्पेश पांडे ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ ही उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराई से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने जागरूकता रैली में शामिल विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
नशा मुक्ति जागरूकता रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर चिलियानौला टैक्सी स्टैंड तक निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने नशा विरोधी नारों और जागरूकता गीतों के माध्यम से आम जनता को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। रैली में स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
इस दौरान रेड क्रॉस संयोजक डॉ. कमला देवी ने स्थानीय नागरिकों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए युवाओं में तेजी से बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
रैली का संचालन रेड क्रॉस प्रभारी डॉ. कमला देवी, रेड क्रॉस सदस्य डॉ. नीम बोरा पडियार, डॉ. हिमानी नेगी एवं एनएसएस प्रभारी डॉ. सत्यामित्र के निर्देशन में किया गया।


