रानीखेत में पहली बार महिला रामलीला प्रतियोगिता, जिलेभर की टीमें करेंगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

Share the News

30 और 31 मई को मिशन इंटर कॉलेज प्रांगण में होगा आयोजन, महिला सशक्तिकरण और कुमाउनी संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल

रानीखेत। नगर क्षेत्र की अग्रणी सांस्कृतिक संस्था सांस्कृतिक समिति रानीखेत द्वारा 30 और 31 मई को दो दिवसीय महिला रामलीला प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

मिशन इंटर कॉलेज प्रांगण में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से महिला टीमें प्रतिभाग करेंगी और रामलीला के अलग-अलग प्रसंगों का मंचन करेंगी।

सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष एवं रंगकर्मी विमल सती ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन नगर में अपने प्रकार का पहला और अनूठा प्रयास है। प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं को कुमाउनी रामलीला जैसी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना तथा उनकी कलात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को प्राइज मनी एवं ट्रॉफियां दी जाएंगी। इसके अलावा उत्कृष्ट अभिनय, निर्देशन और वेशभूषा के लिए भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

विमल सती ने कहा कि महिला कलाकार घर-परिवार और कार्य की व्यस्तताओं के बीच समय निकालकर पिछले कई सप्ताह से पूर्वाभ्यास में जुटी हुई हैं। उनका यह समर्पण हमारी लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि महिला रामलीला प्रतियोगिता महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता की दिशा में भी एक सार्थक पहल है। पारंपरिक रामलीला के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी अभिनय व नेतृत्व क्षमता को निखारने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रतियोगिता में रानीखेत तहसील की पांच तथा अल्मोड़ा क्षेत्र की तीन महिला टीमें भाग लेंगी। दो दिवसीय यह आयोजन कला, संस्कृति और महिला गौरव का अद्भुत संगम बनने जा रहा है।

See also  सरकारी नौकरी लगते ही बदले पत्नी के सुर! पति के साथ रहने के बदले मांगे एक करोड़ रुपये
error: Content is protected !!