द्वाराहाट के अंतर्गत गवाड़ गांव में पिंजरे में फंसा तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

Share the News

रिपोर्टर- बलवंत सिंह रावत
रानीखेत/द्वाराहाट। विकासखंड द्वाराहाट के अंतर्गत गवाड़ गांव में पिछले कई दिनों से तेंदुए की सक्रियता से दहशत में रह रहे ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिल गई। ग्रामीणों की मांग और सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ फंस गया।

तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत और चैन की सांस ली।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से तेंदुआ लगातार गांव और आसपास के क्षेत्रों में दिखाई दे रहा था। दिन ढलने के बाद उसकी आवाजाही बढ़ने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। खासकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित थे। तेंदुए के डर के कारण शाम होते ही लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था।
ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग से पिंजरा लगाने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की थी। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाया। इसके बाद वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। आखिरकार तेंदुआ पिंजरे में फंस गया और ग्रामीणों को उसके आतंक से राहत मिली।
तेंदुआ पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई की सराहना की। ग्रामीणों ने इस पूरे अभियान में सहयोग और तत्परता के लिए वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता आशुतोष शाही का विशेष धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए के पकड़े जाने से अब गांव में भय का माहौल काफी हद तक समाप्त हुआ है और लोग सामान्य रूप से अपने दैनिक कार्य कर सकेंगे।
इस दौरान वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता आशुतोष शाही, वन विभाग की टीम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू की।

See also  रानीखेत कांग्रेस ने शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, कहा– भारत मां ने पाया अमर वीर सपूत
error: Content is protected !!