स्व. गोविन्द सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय में ब्लड सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण।
रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.के. वर्मा ने स्व. गोविन्द सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय में ब्लड सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण तथा अस्पताल परिसर की क्षतिग्रस्त चाहरदीवारी के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया।
अस्पताल में लगभग 129.42 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड सेपरेशन यूनिट का संचालन शुरू हो गया है। इसके माध्यम से मरीजों को अब प्लाज़्मा, व्हाइट ब्लड सेल्स और रेड ब्लड सेल्स जैसी महत्वपूर्ण रक्त घटक सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इसके साथ ही जिला योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत लगभग 30 लाख रुपये की लागत से अस्पताल की क्षतिग्रस्त चाहरदीवारी के पुनर्निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इस कार्य के पूरा होने से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और मरीजों व उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि सरकार ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ब्लड सेपरेशन यूनिट के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को समय पर उपचार उपलब्ध होगा और उन्हें अन्य शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष ललित मेहरा, मंडल महामंत्री मंजीत भगत, उमेश पंत, गणेश राम, मोहन नेगी, मुकेश पांडेय, रमेश सिंह खनायत, भाजपा कार्यकर्ता, चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

