राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिलियानौला में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए देशभक्ति कार्यक्रम

Share the News

रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिलियानौला में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ राष्ट्रीय पर्व को हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः प्रभात फेरी से हुई, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रभात फेरी चिलियानौला बाजार क्षेत्र से होकर निकाली गई, जहां विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों से वातावरण को राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।

इसके उपरांत विद्यालय परिसर में प्रधानाचार्य नरेश कुमार त्रिपाठी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान एवं देशभक्ति गीतों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए देशभक्ति का संदेश दिया।

इस अवसर पर कक्षा 10 के छात्र यश पांडे ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रभावशाली भाषण दिया। वहीं कक्षा 10 की छात्रा खुशनुमा ने अपने ओजस्वी संबोधन से उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देश के प्रति कर्तव्यों का स्मरण कराया।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की अध्यक्ष श्रीमती प्रभा बोरा, रमेश चंद पांडे, मोहम्मद अयूब, नूर हसन, कुमारी अंजली, मोहन सिंह बोरा, श्रीमती ममता देवी सहित अनेक अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके अलावा विद्यालय के शिक्षक समुद्री गोस्वामी, मनमोहन सिंह देव, मनोज कुमार, दीपमणी, हंसी देवी, संदीप गोरखा, बहादुर सिंह बिष्ट समेत समस्त विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को मिष्ठान वितरित किया गया। अंत में प्रधानाचार्य नरेश कुमार त्रिपाठी ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

See also  पीएचडी उपाधि से सम्मानित हुए डॉ. गोपाल मंडल, युवा साहसिक साहित्य पर किया शोध
error: Content is protected !!