संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा रक्तदान शिविर एवं सत्संग कार्यक्रम का आयोजन
रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। मानव एकता दिवस के अवसर पर रानीखेत में संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा रंगोली सम्मेलन स्थल, विजय चौक के निकट स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग कर रक्तदान किया तथा मानव सेवा और मानव एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य Karan Mahara भी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है, जिससे जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिलता है।
उन्होंने संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा संचालित मानवता सेवा अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, भाईचारे और मानव एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित सत्संग में मानवता, प्रेम, सद्भाव और निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया गया। आयोजकों ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं तथा कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
