द्वारहाट विधायक मदन सिंह बिष्ट ने भाजपा सरकार की नीतियों पर बोला हमला, 2027 में कांग्रेस सरकार बनने पर बुजुर्गों को 2500 रुपये पेंशन का दिया आश्वासन।
2027 चुनाव से पहले विधायक मदन सिंह बिष्ट का बड़ा ऐलान, बोले- जीतने की क्षमता वाले प्रत्याशी को ही मिले कांग्रेस का टिकट
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत/द्वाराहाट। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को टिकट वितरण के दौरान प्रत्याशियों की जीतने की क्षमता यानी विनिबिलिटी को सबसे अधिक प्राथमिकता देनी चाहिए। टिकट वितरण में केवल राजनीतिक समीकरणों के बजाय जनता के बीच प्रत्याशी की स्वीकार्यता और चुनाव जीतने की संभावनाओं को आधार बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से परेशान हो चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार से आम लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता के बीच भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।
कांग्रेस सरकार बनने पर बुजुर्गों की पेंशन 2500 रुपये करने का वादा
विधायक मदन सिंह बिष्ट ने आगामी चुनाव को लेकर कांग्रेस की संभावित प्राथमिकताओं पर भी बात रखी। उन्होंने कहा कि यदि वर्ष 2027 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो बुजुर्गों को दी जाने वाली पेंशन की राशि बढ़ाकर 2,500 रुपये प्रतिमाह की जाएगी। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना जरूरी है।
40 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित, ठप पड़े विकास कार्य
विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान क्षेत्र के लिए करीब 50 लाख रुपये की पेयजल योजना तैयार कराई गई है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘हर घर नल, हर घर जल’ की प्रगति पर सवाल उठाते हुए कहा कि योजना का लाभ लोगों तक अपेक्षित रूप से नहीं पहुंच पा रहा है और धरातल पर इसका काम प्रभावित है।
विधायक के अनुसार, ठेकेदारों को समय पर बकाया राशि नहीं मिलने से क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार पूरी तरह प्रभावित हुई है। कई कार्य भुगतान के अभाव में ठप पड़े हैं, जिसका सीधा असर आम जनता को मिलने वाली सुविधाओं पर पड़ रहा है।
सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि जब सरकार ठेकेदारों का भुगतान समय पर नहीं कर पा रही है तो प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं की घोषणा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका समय पर धरातल पर उतरना और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को भुगतान करना भी सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर विकास के दावों और धरातलीय हकीकत के बीच अंतर होने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है। उनके मुताबिक कांग्रेस वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता के मुद्दों और विकास के एजेंडे के साथ मैदान में उतरेगी।
विधायक के इस बयान से साफ है कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर टिकट चयन, प्रत्याशियों की जीत की संभावना और चुनावी मुद्दों पर अभी से मंथन शुरू हो गया है।
वहीं भाजपा सरकार पर 40 करोड़ रुपये के कथित लंबित भुगतान और विकास कार्यों को लेकर लगाए गए आरोपों ने भी राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है।






