राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत (अल्मोड़ा) छात्र संघ निर्वाचन–2026-27 में वैध प्रत्याशियों की घोषणा
रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में छात्र संघ निर्वाचन 2026-27 को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच एवं नाम वापसी की प्रक्रिया संपन्न हुई। अपराह्न 2:30 बजे जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद महाविद्यालय प्रशासन ने विभिन्न पदों के लिए वैध प्रत्याशियों की सूची घोषित कर दी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार जोशी ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार पूरी की गई है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि चुनाव से संबंधित किसी भी सूचना के लिए महाविद्यालय की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। साथ ही सभी विद्यार्थियों से निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की गई।
नामांकन पत्रों की जांच एवं निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महाविद्यालय की निर्वाचन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति में डॉ. नीमा बोरा, डॉ. पूजा और डॉ. धीरज सिंह खाती के साथ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर पुष्पेश पांडे एवं मुख्य शास्ता प्रोफेसर पी.एन. तिवारी शामिल रहे।
वहीं नामांकन प्रपत्रों की जांच समिति में डॉ. प्रसून जोशी, डॉ. सुरेश टम्टा, डॉ. अनुराग श्रीवास्तव, डॉ. लक्ष्मी, डॉ. प्रमोद जोशी, डॉ. नीरज तिवारी, डॉ. तनुजा तिवारी एवं श्री बिनोद तिवारी ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन पत्रों की जांच की।
जांच के बाद विभिन्न पदों के लिए वैध प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए। अध्यक्ष पद पर जितेश नेगी और विनीत सिंह कुवार्बी के बीच मुकाबला होगा। उपाध्यक्ष छात्र पद पर कार्तिकेय सती एकमात्र वैध प्रत्याशी हैं। वहीं उपाध्यक्ष छात्रा पद पर अनीषा बिष्ट और रश्मि कांडपाल आमने-सामने हैं।
सचिव पद पर हर्षिता फर्त्याल का नाम वैध प्रत्याशी के रूप में घोषित किया गया है। कोषाध्यक्ष पद पर बबली आर्या और संजना नगरकोटी, जबकि संयुक्त सचिव पद पर अंजली वैध प्रत्याशी हैं। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर भूमिका आर्या और ललिता चौधरी के नाम घोषित किए गए हैं। इसके अलावा संकाय प्रतिनिधि (वाणिज्य) पद पर नेहा वैध प्रत्याशी हैं।
सांस्कृतिक सचिव पद पर नहीं बचा कोई प्रत्याशी
चुनावी प्रक्रिया के दौरान सांस्कृतिक सचिव पद के लिए एकमात्र नामांकित प्रत्याशी नम्रता पांडेय ने अपना नामांकन वापस ले लिया। नामांकन वापसी के बाद इस पद के लिए वर्तमान में कोई वैध प्रत्याशी शेष नहीं है।
महाविद्यालय प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों और छात्र-छात्राओं से चुनाव के दौरान निर्धारित नियमों एवं आचार-संहिता का पालन करने की अपील की है। प्राचार्य प्रोफेसर पुष्पेश पांडे, मुख्य शास्ता प्रोफेसर पी.एन. तिवारी एवं निर्वाचन समिति ने कहा कि छात्र संघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।
26 सितंबर को होगी आम सभा
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार 26 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आम सभा आयोजित की जाएगी। इसमें सभी वैध प्रत्याशियों एवं विद्यार्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
निर्वाचन समिति ने आम सभा सहित आगामी चुनावी गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों से अनुशासन बनाए रखने और निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपेक्षा की है।


