रानीखेत में टीबी जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, बीमारी के लक्षण और बचाव की दी जानकारी

रानीखेत में टीबी रोग के लक्षण और बचाव को लेकर पालिका सभागार में दिया गया प्रशिक्षण।

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। नगर पालिका परिषद रानीखेत चिलियानौला के सभागार में टीबी (तपेदिक) बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गोविंद सिंह मेहरा राजकीय चिकित्सालय रानीखेत के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दीपक शर्मा एवं उनकी मेडिकल टीम ने पालिका कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों को टीबी के लक्षण, संक्रमण से बचाव तथा उपचार की प्रक्रिया के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान डॉ. दीपक शर्मा ने बताया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर पहचान और नियमित उपचार के माध्यम से इसका पूरी तरह इलाज संभव है। उन्होंने लोगों से बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की। लगातार खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, वजन कम होना और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी गई।

उन्होंने कहा कि टीबी के मरीजों के प्रति समाज में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियमित दवा लेने से मरीज स्वस्थ हो सकता है। साथ ही परिवार और समाज को भी बीमारी के प्रति जागरूक रहकर संक्रमण की रोकथाम में सहयोग करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद रानीखेत चिलियानौला के अध्यक्ष अरुण रावत ने चिकित्सा क्षेत्र में सराहनीय योगदान एवं टीबी जागरूकता अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए डॉ. दीपक शर्मा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। अध्यक्ष ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करना सामूहिक जिम्मेदारी है और ऐसे कार्यक्रम आमजन तक स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाने में उपयोगी साबित होते हैं।

कार्यक्रम में नगर पालिका के विभिन्न वार्डों के सभासद भी मौजूद रहे। इनमें वार्ड नंबर 1 से श्रीमती पूजा आर्य, वार्ड नंबर 2 से श्रीमती शीला अधिकारी, वार्ड नंबर 4 से श्री आशीष पांडे, वार्ड नंबर 5 से श्रीमती नीमा मेहरा, वार्ड नंबर 6 से श्री सुंदर सिंह तथा वार्ड नंबर 7 से श्री शंकर दत्त शामिल रहे।

इसके अलावा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजेश बुधानी, एनजीओ प्रतिनिधि दीपा आर्य, क्षेत्रीय जनता तथा पालिका कार्यालय का समस्त स्टाफ कार्यक्रम में उपस्थित रहा। मेडिकल टीम ने उपस्थित लोगों की टीबी से जुड़ी शंकाओं का समाधान करते हुए बीमारी की जांच, उपचार और बचाव से संबंधित जरूरी जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और क्षेत्रीय लोगों ने टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के आयोजकों ने कहा कि टीबी के खिलाफ जागरूकता, समय पर जांच और नियमित उपचार के माध्यम से समाज को इस बीमारी से मुक्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।

See also  एसएसपी प्रहलाद मीणा ने लापरवाही बरतने पर चौकी प्रभारी सहित 3 पुलिस कार्मिकों को किया निलंबित
error: Content is protected !!