कैंची धाम जा रहे पर्यटकों की कार में अचानक आग, भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में मची अफरा-तफरी
रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला
भवाली/नैनीताल। कैंची धाम दर्शन के लिए आए पर्यटकों की कार में अचानक आग लगने से भवाली सैनिटोरियम पार्किंग क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि घटना के समय वाहन के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली के पश्चिम विहार निवासी अजय कुमार अपने परिवार और बच्चों के साथ पहली बार कैंची धाम दर्शन के लिए आए थे।
उन्होंने कैंची धाम पहुंचने से पहले सैनिटोरियम मार्ग स्थित पार्किंग में अपनी टोयोटा कार खड़ी की थी। इसी दौरान अचानक कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते वाहन आग की चपेट में आ गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक आग से कार को भारी नुकसान हो चुका था।
बताया जा रहा है कि यह वाहन करीब छह महीने पहले ही खरीदा गया था। अजय कुमार ने बताया कि जब वे वापस लौटे तो उनकी कार धू-धू कर जल रही थी, जबकि आसपास अन्य वाहनों की लंबी कतार खड़ी थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना के दौरान कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।

