भुजान/अल्मोड़ा। सृजन वार्षिक उत्सव 2026 के तहत राजकीय इंटर कॉलेज भुजान में मंगलवार को वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। “सृजन” थीम के साथ आयोजित इस कार्यक्रम ने नवाचार, रचनात्मकता और सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चंदन सिंह बिष्ट (जिला शिक्षा अधिकारी, माध्यमिक) रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “सृजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हर दिन कुछ नया और बेहतर करने का विचार है।” उन्होंने विद्यालय में हो रहे नवाचारों की सराहना करते हुए इसे अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर डॉ. शिवराज सिंह, भूपाल सिंह चिलवाल, अनूप दास, ललित चंद्र पाठक, मोहन सिंह लटवाल, कुंवर पपनें, राजेश यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए कुलवंत सिंह बल और प्रवीण चंद्र तिवारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम बेहद आकर्षक और मनमोहक रहे, जिन्होंने सभी अतिथियों और अभिभावकों को भावविभोर कर दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संजीव अहलावत के नेतृत्व में विद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उनके नवाचार, अनुशासन और दूरदर्शी सोच का प्रभाव विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता और व्यवस्थाओं में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन रत्नाकर शुक्ला द्वारा किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की।
अंत में उपस्थित सभी अतिथियों और अभिभावकों ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए विद्यालय परिवार को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

