अल्मोड़ा में बाघ का आतंक: तड़म गांव में खेत के पास एक व्यक्ति को बनाया निवाला

Share the News

अल्मोड़ा।  सल्ट क्षेत्र से एक बेहद दुःखद और चिंताजनक घटना सामने आई है। तल्ला सल्ट के तड़म गांव के बौरङा तोक निवासी 55 वर्षीय महिपाल सिंह मेहरा को बाघ ने हमला कर मार डाला।

यह घटना गांव के पास ही खेत में उस समय हुई, जब वह अपनी पत्नी के साथ घास लेकर घर लौट रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे महिपाल सिंह अपनी पत्नी के साथ घर की ओर आ रहे थे। उनकी पत्नी आगे चल रही थीं और महिपाल सिंह पीछे थे। घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर अचानक बाघ ने पीछे से हमला कर दिया और उन्हें अपना शिकार बना लिया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और वन विभाग में हड़कंप मच गया। सल्ट उपजिलाधिकारी रिंकू बिष्ट, तहसीलदार आबिद अली, रेंजर गंगा शरण, एसडीओ काकुल पुंडीर समेत पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं।

क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे वन्यजीव हमलों से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। सभी लोग मृतक महिपाल सिंह मेहरा के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

See also  रानीखेत महाविद्यालय में “एनएमआर स्पेक्ट्रोस्कोपी” पर तीन दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन
error: Content is protected !!