रानीखेत : राजकीय इंटर कॉलेज सिलोर महादेव में नई शिक्षा सत्र की शुरुआत, अभिभावक-शिक्षक बैठक में विकास और गुणवत्ता पर मंथन

Share the News

रानीखेत। राजकीय इंटर कॉलेज सिलोर महादेव में नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 के शुभारम्भ अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति एवं शिक्षक-अभिभावक संघ की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता जीवन नेगी ने किया।

बैठक में विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश चंद्र पपनै ने विगत शैक्षिक सत्र की उपलब्धियों की जानकारी अभिभावकों के साथ साझा करते हुए नए सत्र के लिए उनके सुझाव एवं विचार आमंत्रित किए। उन्होंने विद्यालय के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर मध्याह्न भोजन प्रभारी कुंवर पपनै ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, उपयोगिता एवं व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अभिभावकों से सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि बच्चों का पोषण उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है और इसे बेहतर बनाने में सभी का सहयोग जरूरी है।

ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक डॉ. शिवराज सिंह बिष्ट ने शिक्षक-अभिभावक संघ एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से निरंतर सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने छात्र-छात्राओं की खेल प्रतिभाओं को निखारने और खेल क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मेधावी छात्र मोहित बिष्ट को संस्था की ओर से प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के विभिन्न सदनों के सदन प्रमुखों एवं छात्र-नेताओं को उनके नाम अंकित बैज प्रदान किए गए।

बैठक में शिक्षक-अभिभावक संघ के अध्यक्ष पद हेतु श्रीमती भावना आर्या तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पद हेतु श्री जीवन सिंह बिष्ट को निर्वाचित किया गया।

नव निर्वाचित पदाधिकारियों से विद्यालय की गतिविधियों एवं संस्था के विकास में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की गई।

कार्यक्रम में अभिभावकों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

See also  पेट में दर्द हुआ तो अल्ट्रासाउंड में निकला 6 महीने का बच्चा; जानें 10वीं की छात्रा के साथ किसने किया घिनौना काम
error: Content is protected !!