सास की चिता सजाई, हाथ धुलने सरयू किनारे गया आया दामाद; झपट्टा मारकर जिंदा खा गया मगरमच्छ, कंपा देने वाली घटना
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में सरयू नदी किनारे एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए एक युवक को मगरमच्छ ने नदी में खींच लिया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार डीहा गांव निवासी बाबूलाल की बहू उर्मिला का कैंसर के चलते निधन हो गया था। उर्मिला की बेटी की शादी ग्रेटर नोएडा निवासी दीपक (30) से हुई थी। दीपक अपनी पत्नी के साथ सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने गोंडा पहुंचे थे।
बुधवार दोपहर सरयू नदी के किनारे अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। बताया जा रहा है कि दीपक चिता सजाने के लिए खूंटा गाड़ने के बाद नदी किनारे हाथ धोने पहुंचे। इसी दौरान अचानक एक मगरमच्छ पानी से बाहर आया और दीपक का सिर अपने जबड़े में दबोच लिया। देखते ही देखते मगरमच्छ उन्हें गहरे पानी में खींचकर ले गया।
घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाने की कोशिश भी की, लेकिन मगरमच्छ की ताकत और तेज बहाव के आगे कोई कुछ नहीं कर सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसने दीपक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ बेहद ताकतवर था और वह खुद भी पानी में गिरते-गिरते बचा। वहीं दूसरे ग्रामीणों का कहना है कि उस स्थान पर मगरमच्छ होने की आशंका के चलते लोगों ने दीपक को सावधान भी किया था।
घटना की सूचना मिलते ही उमरी बेगमगंज थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई, हालांकि देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी। अब लखनऊ से SDRF टीम को बुलाया गया है, जो सर्च ऑपरेशन चलाएगी।
प्रशासन ने परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। अधिकारियों के मुताबिक शव बरामद होने के बाद पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी कर सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

