सशस्त्र सीमा बल रानीखेत द्वारा “संडे ऑन साइकिल” रैली का आयोजन
रिपोर्टर: बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तत्वावधान में तथा सीमांत मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल रानीखेत के महानिरीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में रविवार को “संडे ऑन साइकिल” अभियान का आयोजन किया गया। फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत आयोजित इस विशेष साइकिल रैली का शुभारंभ उप महानिरीक्षक परीक्षित बेहरा ने हरी झंडी दिखाकर किया।
सीमांत मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल परिसर से शुरू हुई इस रैली में अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली गनियाधोली मार्केट, जय जवान चौक, चिलियानौला रोड सहित रानीखेत के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान प्रतिभागियों ने देशप्रेम और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को फिट इंडिया मूवमेंट अपनाने के लिए प्रेरित किया।
अभियान का उद्देश्य आमजन को दैनिक जीवन में साइकिल चलाने के लाभों के प्रति जागरूक करना, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखना तथा बढ़ती बीमारियों से बचने के लिए स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश देना था। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में उप महानिरीक्षक परीक्षित बेहरा, उप महानिरीक्षक सुरेश सुब्रमणयम, चिकित्सा अधिकारी उप महानिरीक्षक चंद्रका हयनकी, द्वितीय कमान अधिकारी कुमार सुंदरम, उप कमांडेंट प्रभाकर, अधिशासी अभियंता जसवीर सिंह, सहायक कमांडेंट गोविंद सिंह बोरा, सहायक अभियंता रितेश कुमार सिंह सहित अनेक जवान उपस्थित रहे।

