महिला मरीज से दुष्कर्म का आरोप, तेजस अस्पताल का डॉक्टर गिरफ्तार, अस्पताल सील
लखनऊ के बक्शी का तालाब क्षेत्र स्थित इन्दौराबाग के तेजस अस्पताल में भर्ती एक महिला मरीज के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने अस्पताल संचालक और चिकित्सक विजय कुमार गिरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सील कर दिया है, जबकि आरोपी डॉक्टर का चिकित्सकीय लाइसेंस निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार सीतापुर के तम्बौर थाना क्षेत्र निवासी विजय कुमार गिरी बीकेटी इलाके में किराये के भवन में तेजस अस्पताल संचालित करता था। बीकेटी क्षेत्र की रहने वाली 21 वर्षीय छात्रा को तबीयत खराब होने पर 19 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
आरोप है कि गुरुवार दोपहर उपचार के बहाने डॉक्टर छात्रा को ओटी कक्ष में ले गया। वहां मौजूद कर्मचारियों को बाहर भेजने के बाद उसने छात्रा को इंजेक्शन देकर बेहोश किया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता की बहन जब वार्ड में पहुंची तो छात्रा वहां नहीं मिली। स्टाफ से पूछताछ के बाद वह ओटी कक्ष पहुंची, जहां छात्रा अस्त-व्यस्त हालत में मिली। होश में आने पर छात्रा ने डॉक्टर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चिकित्सक को हिरासत में ले लिया। एसीपी बीकेटी विकास पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए माफी मांगी है। घटना के समय पहने गए कपड़ों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, वहीं मोबाइल फोन भी जांच के दायरे में लिया गया है।
डिप्टी सीएम Brajesh Pathak के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल में ताला लगवाकर उसे बंद करा दिया।
एसीएमओ प्रशासन डॉ. बीएन यादव और सीएचसी अधीक्षक डॉ. जेपी सिंह ने अस्पताल के दस्तावेजों और डॉक्टर की डिग्री की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है।

