भवाली में यौन शोषण मामले के आरोपी व्यापारी नेता नरेश पांडे ने पुलिस कार्रवाई के दौरान फिनायल पिया, गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर

Share the News

भवाली के व्यापारी नेता नरेश पांडे की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस, फेसबुक लाइव कर लगाए गंभीर आरोप; पुलिस बोली– पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए साथ लाया गया

रिपोर्टर : गुड्डू सिंह ठठोला

नैनीताल। भवाली के उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे से जुड़े चर्चित यौन शोषण मामले में सोमवार देर रात उस समय बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब पुलिस पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें साथ ले जाने उनके आवास पहुंची।

इसी दौरान नरेश पांडे ने कथित तौर पर फिनायल का सेवन कर लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस उन्हें तत्काल बी.डी. पांडे जिला चिकित्सालय, नैनीताल लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना से पहले नरेश पांडे ने अपने घर की बालकनी से फेसबुक लाइव किया। लाइव वीडियो में उन्होंने दावा किया कि पुलिस बिना वारंट उनके घर पहुंची है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ अभद्रता की, उसके कपड़े फाड़ दिए तथा उनके पिता, भाई और बेटे के साथ भी बदसलूकी की। वीडियो में उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ दर्ज मामले में पीड़िता ने धारा 164 के तहत दिए गए बयान में उनके पक्ष में बात कही है। वीडियो के अंत में उन्होंने जहर पीने की बात कही, जिसके बाद लाइव अचानक बंद हो गया।

गौरतलब है कि भवाली के उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे के खिलाफ एक युवती ने कोतवाली मल्लीताल में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।

बाद में युवती ने मुकदमा वापस लेने के साथ तल्लीताल थाने में तीन अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया और आरोप लगाया कि उन्होंने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर व्यापारी नेता के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने का दबाव बनाया था। इस बीच नरेश पांडे को उच्च न्यायालय से भी कोई राहत नहीं मिली।

घटना के बाद नरेश पांडे की पत्नी चित्रा पांडे ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि पुलिस गिरफ्तारी से संबंधित कोई दस्तावेज या वारंट नहीं दिखा सकी और जबरन उनके पति को अपने साथ ले गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने घर में घुसकर नाबालिग बच्चों और बुजुर्गों के साथ मारपीट की, जिससे परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।

वहीं, नैनीताल पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आए हैं। इसी आधार पर नरेश पांडे को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए साथ लाया गया। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले की जांच नियमानुसार जारी है।

नोट: इस मामले में नरेश पांडे और उनके परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस का पक्ष भी शामिल किया गया है। घटना का फेसबुक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

See also  नैनीताल : गौशाला में गाय की बछिया के साथ अज्ञात ने किया कुकर्म
error: Content is protected !!