द्वाराहाट क्षेत्र में तेंदुए का आतंक; स्कूल के पास तेंदुए के हमले में छात्रा गंभीर घायल, हायर सेंटर रेफर; क्षेत्र में दहशत

Share the News

द्वाराहाट क्षेत्र में तेंदुए के आतंक का एक और मामला आया सामने,स्कूल के पास तेंदुए के हमले में छात्रा गंभीर घायल, हायर सेंटर रेफर

रिपोर्टर: बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। विकासखंड द्वाराहाट क्षेत्र में तेंदुए के आतंक का एक और मामला सामने आया है। ग्राम ऐना, पोस्ट कुंवाली, तहसील रानीखेत निवासी दीवान सिंह बोरा की पुत्री बबीता बोरा पर सोमवार शाम करीब 3:30 बजे स्कूल के समीप तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्रा को राजकीय चिकित्सालय रानीखेत पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सदस्य दीपक कन्नू साह ने वन विभाग को दूरभाष पर सूचना दी। वन क्षेत्राधिकारी मनोज लोहनी ने बताया कि सरकार की ओर से उपचार हेतु उपलब्ध सभी नियमानुसार सहायता पीड़ित परिवार को प्रदान की जाएगी।

जिला पंचायत सदस्य दीपक कन्नू साह ने कहा कि क्षेत्र में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग को कई बार इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने, तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने तथा स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

See also  अल्मोड़ा बस हादसे की वजह आई सामने, सात लोगों की गई जान, मृतकों व घायलों की सूची जारी
error: Content is protected !!