द्वाराहाट के बहुउद्देशीय शिविर में 1150 से अधिक लोगों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ, डीएम ने सुनीं 96 जनसमस्याएं

Share the News

बहुउद्देशीय शिविर में 1150 से अधिक लोगों ने उठाया योजनाओं का लाभ, जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत आयोजित शिविर में अधिकांश शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत/द्वाराहाट। विकासखंड द्वाराहाट के जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छानागोलू में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 1150 से अधिक लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्वयं उपस्थित होकर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आधार नामांकन एवं संशोधन, श्रम कार्ड निर्माण सहित कई जनोपयोगी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने तीन लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, डेयरी विकास विभाग ने छह पशुपालकों को स्वच्छ दुग्ध उत्पादन किट तथा मत्स्य विभाग ने दो लाभार्थियों को मत्स्य तालाब निर्माण एवं सुधार के लिए एक लाख रुपये से अधिक के स्वीकृति चेक वितरित किए।

शिविर में कुल 96 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।

बागवानी विकास परिषद के उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ढेला ने कहा कि सरकार अब लोगों के द्वार तक पहुंचकर योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है और ऐसे बहुउद्देशीय शिविर आमजन के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं।

उत्तराखंड पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह शाही ने बताया कि शिविर में प्राप्त अधिकांश समस्याओं का समाधान किया गया। उन्होंने कहा कि बग्वालीपोखर मोटर मार्ग को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि स्थानीय स्टेडियम का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सुनील कुमार राज, परियोजना निदेशक डीआरडीए के.एन. तिवारी, खंड विकास अधिकारी निवेदिता खुल्बे, जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, जिला पंचायत सदस्य युगल किशोर आर्या सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

See also  स्विफ्ट डिजायर कार चालक ने मोटर साइकिल को मारी टक्कर,बाइक सवार 2 व्यक्ति घायल
error: Content is protected !!