PWD निर्माण खंड को स्याल्दे स्थानांतरित करने के प्रस्ताव का कांग्रेस ने किया विरोध, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

Share the News

लोक निर्माण विभाग, निर्माण खण्ड रानीखेत को स्याल्दे स्थानांतरित किए जाने के विरोध में कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त मजिस्ट्रेट  के माध्यम से राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन 

रिपोर्टर: बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। लोक निर्माण विभाग (PWD) के निर्माण खंड, रानीखेत को स्याल्दे स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव के विरोध में रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत के माध्यम से उत्तराखंड के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने इस प्रस्ताव को जनविरोधी बताते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की है।

ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रानीखेत ऐतिहासिक, प्रशासनिक और आर्थिक दृष्टि से कुमाऊँ का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। ऐसे में एक-एक कर सरकारी कार्यालयों का रानीखेत से स्थानांतरण नगर के अस्तित्व और विकास पर सीधा आघात है। उनका कहना है कि यदि निर्माण खंड को स्याल्दे स्थानांतरित किया जाता है तो स्थानीय लोगों को सरकारी कार्यों के लिए अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे आम जनता के साथ-साथ व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास भी प्रभावित होगा।

कांग्रेस ने ज्ञापन में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर स्थानीय विधायक मुख्यमंत्री से मिलकर रानीखेत के विकास के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी ही सरकार महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों को रानीखेत से बाहर भेजने का प्रयास कर रही है। इससे सरकार के विकास संबंधी दावों पर सवाल खड़े होते हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि सल्ट क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए नए निर्माण खंड की आवश्यकता है तो सरकार वहां नया निर्माण खंड स्थापित करे, लेकिन इसके लिए रानीखेत के मौजूदा निर्माण खंड को कमजोर करना या स्थानांतरित करना उचित नहीं है।

ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से अनुरोध किया गया कि जनहित और रानीखेत के प्रशासनिक महत्व को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित स्थानांतरण को तत्काल निरस्त करने के लिए राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने इस निर्णय को वापस नहीं लिया तो रानीखेत कांग्रेस कमेटी जनभावनाओं के अनुरूप चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग, जिलाधिकारी अल्मोड़ा, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग तथा अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड रानीखेत को भी भेजी गई है।

इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, चिलियानौला नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश बोरा, कांग्रेस कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, एससी जिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष गुसाईं राम, गोपाल सिंह देव, पंकज गुरुरानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप उपाध्याय, विजय तिवारी, हेमंत बिष्ट, धीरज कुमार, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, गुड्डू खान, राजेंद्र कुमार सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

See also  रानीखेत महाविद्यालय में आगामी छात्र संघ चुनाव के संदर्भ में बैठक आयोजित
error: Content is protected !!