मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी छात्रवृत्ति उन्नयन योजना के अंतर्गत दो दिवसीय विकासखंड स्तरीय प्रतिभा चयन प्रतियोगिता प्रारंभ

Share the News

मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी छात्रवृत्ति योजना: ताड़ीखेत में दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रतिभा चयन प्रतियोगिता शुरू

रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी छात्रवृत्ति उन्नयन योजना के अंतर्गत विकासखंड ताड़ीखेत में दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रतिभा चयन प्रतियोगिता का मंगलवार को श्रद्धानंद मैदान (मिनी स्टेडियम) में शुभारंभ हुआ। 28 एवं 29 जुलाई तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षणों में हिस्सा लिया और अपनी क्षमता का परिचय दिया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम का संचालन संयोजक लक्ष्मण सिंह परगांई एवं सह-संयोजिका रोजी नय्यर के कुशल निर्देशन में किया जा रहा है। वहीं, प्रतियोगिता के संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक डॉ. शिवराज सिंह निभा रहे हैं। इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज शेर के प्रधानाचार्य दीपक बिष्ट भी मौजूद रहे।

ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक डॉ. शिवराज सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी छात्रवृत्ति उन्नयन योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों की खेल प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, नियमित अभ्यास और समर्पण ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का मजबूत आधार है।

प्रतियोगिता के अंतर्गत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं के छह आयु वर्ग—8-9, 9-10, 10-11, 11-12, 12-13 तथा 13-14 वर्ष—के खिलाड़ियों का फिजिकल फिटनेस बैटरी टेस्ट आयोजित किया जा रहा है। इस परीक्षण में खिलाड़ियों की गति, शक्ति, सहनशक्ति, फुर्ती और शारीरिक दक्षता का मूल्यांकन किया जा रहा है। प्रतियोगिता एवं बैटरी टेस्ट के प्रदर्शन के आधार पर प्रत्येक आयु वर्ग से छह बालक और छह बालिकाओं का चयन जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में राजीव खाती, अजय चंद, सुनील कुमार, दीप पंत, चंद राम, कुँवर पपनें, प्रताप नेगी, भगवती जोशी, मृदुला, धीरज वर्मा, विनीता खाती, पूजा डालाकोटी, ममता जोशी, कृतिका जोशी, अनीता कुमारी तथा ऋतु जोशी ने निर्णायक एवं आयोजन दल के सदस्य के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी निर्णायकों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के समर्पण और बेहतर समन्वय से प्रतियोगिता का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है।

दो दिवसीय प्रतियोगिता के समापन के बाद चयनित खिलाड़ी जनपद स्तरीय प्रतिभा चयन प्रतियोगिता में विकासखंड ताड़ीखेत का प्रतिनिधित्व करेंगे। आयोजन के दौरान खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का उत्कृष्ट वातावरण खिलाड़ियों के उत्साह और आत्मविश्वास को नई ऊर्जा प्रदान करता दिखाई दिया।

See also  रानीखेत हत्याकांड का खुलासा: स्कूटी पर खरोंच के विवाद का लिया खूनी बदला, आरोपी गिरफ्तार
error: Content is protected !!