रानीखेत में 23-24 सितंबर को गूंजेगी संस्कृत की स्वर लहरियां, ताड़ीखेत ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं में दिखेगी छात्र-छात्राओं की प्रतिभा

रानीखेत में 23 और 24 सितंबर को आयोजित होगी ताड़ीखेत ब्लॉक स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता।

जीजीआईसी रानीखेत में कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग की 6 विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं, तैयारियों को लेकर शिक्षकों की बैठक में बनी कार्ययोजना

रिपोर्ट – बलवन्त सिंह रावत

रानीखेत/द्वाराहाट। उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और देववाणी संस्कृत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम, हरिद्वार के तत्वावधान में ताड़ीखेत ब्लॉक स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिताओं का आयोजन आगामी 23 एवं 24 सितंबर को किया जाएगा। दो दिवसीय यह आयोजन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), रानीखेत में संपन्न होगा, जिसमें ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर शुक्रवार को बीआरसी सभागार में ताड़ीखेत ब्लॉक के समस्त हिंदी एवं संस्कृत शिक्षकों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग करते हुए प्रतियोगिता की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान दो दिवसीय प्रतियोगिता की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। साथ ही कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न व्यवस्था समितियों का गठन किया गया और संबंधित शिक्षकों को आवश्यक जिम्मेदारियां एवं दिशा-निर्देश दिए गए। प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और कार्यक्रम को सफल बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

संस्कृत खंड संयोजक मीरा नेगी ने बताया कि ब्लॉक स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिताएं कनिष्ठ एवं वरिष्ठ, दो वर्गों में आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि ताड़ीखेत ब्लॉक के सभी विद्यालयों के लिए इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करना अनिवार्य रखा गया है।

प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए कुल छह प्रमुख विधाएं शामिल की गई हैं। इनमें संस्कृत नृत्य, संस्कृत नाट्य, संस्कृत गीत, आशु भाषण, श्लोक उच्चारण तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनकी सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं वाचन प्रतिभा को मंच प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार 23 सितंबर को कनिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जबकि 24 सितंबर को वरिष्ठ वर्ग के छात्र-छात्राएं विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

बैठक में सहसंयोजक श्री चंद्रशेखर बुधोडी, राहुल मिश्रा, श्याम सुंदर, पुष्कर जोशी, रमेश चंद्र परपने, योगेश कुमार तिवारी, नवीन चंद्र जोशी, खेमानंद पांडे तथा सलेहा परवीन सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

आयोजकों का कहना है कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा और भारतीय संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। रानीखेत में आयोजित होने वाली इन ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं को लेकर विद्यालयों और विद्यार्थियों में तैयारियां शुरू हो गई हैं।

See also  रानीखेत : नगर पालिका मे अध्यक्ष पद सहित वार्ड सभासद के चुनाव प्रचार को पहुंचे केन्द्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा
error: Content is protected !!