रानीखेत में भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक, आगामी चुनावों और संगठन को मजबूत करने पर हुआ मंथन।
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान
रानीखेत। भारतीय जनता पार्टी जिला रानीखेत की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक स्थानीय पार्वती इन होटल में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के मार्गदर्शन में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ मजबूत करने का आह्वान किया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार करना रहा। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि किसी भी चुनाव में सफलता हासिल करने के लिए मजबूत संगठन, सक्रिय कार्यकर्ता और आमजन के साथ निरंतर संवाद बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करने की आवश्यकता बताई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी नीतियों के बल पर आगामी चुनावों में प्रचंड जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचानी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।
वक्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और पार्टी के कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। आपसी समन्वय और सामूहिक प्रयासों से ही पार्टी अपने निर्धारित लक्ष्यों को हासिल कर सकती है।
बैठक में रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल और सल्ट विधायक महेश जीना सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा दर्जा राज्य मंत्री कैलाश पंत, पूर्व विधायक महेश नेगी, अनिल शाही, विमला रावत, मोहन नेगी, दीप भगत, गिरीश भगत, लीला बिष्ट, गणेश राम, ध्यान सिंह नेगी, ललित मेहरा, उमेश पंत, दर्शन मेहरा, महेंद्र रावत, विनोद भार्गव और जगदीश अग्रवाल सहित जिले के विभिन्न पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष घनश्याम भट्ट ने की, जबकि बैठक का संचालन भूपेंद्र कांडपाल ने किया। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा के साथ पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया।


