नैनीताल में भाजपा विधायक के बेटे पर कार्रवाई, हूटर बजाने और बहस करने पर SUV सीज

Share the News

नैनीताल। मालरोड क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन और वीआईपी कल्चर दिखाना उत्तर प्रदेश के एक भाजपा विधायक के बेटे को भारी पड़ गया। पुलिस ने बिना अनुमति हूटर बजाने और प्रशासन से बहस करने पर कार्रवाई करते हुए उसकी SUV को सीज कर दिया।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की जहानाबाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल के बेटे राहुल पटेल इन दिनों नैनीताल घूमने आए हुए थे। सोमवार को वह अपनी सफेद रंग की SUV से मालरोड पर जा रहे थे, तभी उनकी गाड़ी जाम में फंस गई। इस दौरान उन्होंने बिना किसी आपात स्थिति के वाहन में लगा हूटर बजाना शुरू कर दिया।

मौके पर मौजूद एसडीएम ने हूटर की आवाज सुनकर वाहन को रुकवाया और पूछताछ की। बताया जा रहा है कि इस दौरान राहुल पटेल ने अपनी गलती मानने के बजाय अधिकारियों से बहस शुरू कर दी और अपने पिता के विधायक होने का रौब दिखाया। इससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई और जाम भी बढ़ गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया। एसआई सुनील कुमार ने बताया कि फॉर्च्यूनर वाहन (नंबर UP33-V-0003) को सीज कर वाहन स्वामी के खिलाफ चालान भी किया गया है।

See also  मां- बाप ने किया अपनी जिंदा बेटी का अंतिम संस्कार' वजह जान गांव में मचा हड़कंप
error: Content is protected !!