रानीखेत में सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय पारम्परिक ऐपण कार्यशाला का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यशाला के दूसरे दिन प्रतिभागियों ने ऐपण की विभिन्न चौकियों के साथ-साथ रंगवाली पिछौड़ी बनाने का प्रारंभिक अभ्यास किया।
मिशन इंटर कॉलेज में आयोजित इस कार्यशाला में प्रशिक्षिका ज्योति साह ने स्कूली बच्चों और महिलाओं को कुमाऊं की समृद्ध एवं आध्यात्मिक लोक कला ऐपण की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने पारंपरिक शैली में विभिन्न चौकियां बनाने का प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने गेरू मिट्टी और बिस्वार का उपयोग करते हुए प्रयोगात्मक रूप से विभिन्न डिज़ाइन तैयार किए। इस आयोजन में सिटी मांटेसरी स्कूल, बीरशिवा स्कूल, नेशनल इंटर कॉलेज, सरस्वती उमावि, छावनी इंटर कॉलेज और राइका मजखाली सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन अवसर पर सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष विमल सती ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर गौरव भट्ट, विनीता खाती, हरीश लाल साह, दीपक पंत, परमवीर माहरा, सोनू सिद्दीकी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

