रानीखेत-रामनगर मोटर मार्ग से बैना मोटर मार्ग का हुआ शिलान्यास।
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत रानीखेत-रामनगर मार्ग (सुनखोंला) से बैना तक बनने वाले करीब 3.50 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग का शिलान्यास केंद्रीय राज्य मंत्री एवं अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ सांसद अजय टम्टा और क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने संयुक्त रूप से किया। सड़क निर्माण के लिए 410.241 लाख रुपये की स्वीकृत लागत निर्धारित की गई है। सड़क बनने से बैना क्षेत्र सहित आसपास के दर्जनों ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने लंबे समय से चली आ रही सड़क की मांग पूरी होने पर शासन और प्रशासन का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सेवाओं के लिए आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि केंद्र सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक सड़क सुविधा पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैना तक सड़क बनने से स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
वहीं क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि बैना क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से इस सड़क की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह सड़क ग्रामीणों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसके निर्माण से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा। सड़क सुविधा बेहतर होने से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी तथा विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को भी काफी लाभ मिलेगा।
विधायक डॉ. नैनवाल ने बताया कि सौखुला होते हुए बैना तक सड़क का निर्माण करीब दो वर्ष पूर्व शुरू कराया गया था। अब प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क के डामरीकरण के लिए करीब 4.75 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा द्वारा सड़क कार्य का शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय के भीतर सड़क का डामरीकरण पूरा कर क्षेत्र की सड़क संबंधी कमियों को दूर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सड़क के बेहतर होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को बरसात और अन्य मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। साथ ही स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी सड़क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री ध्यान सिंह नेगी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।


