रानीखेत में ‘सेवा, सुशासन और विकास’ के 4 वर्षों के कार्यों की पुस्तिका का विमोचन
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में पिछले चार वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों, जनसेवा और सुशासन की उपलब्धियों को लेकर तैयार की गई विकास पुस्तिका का भव्य विमोचन किया गया।
पार्वती इन होटल परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री एवं सांसद अजय टम्टा ने पुस्तिका का औपचारिक अनावरण किया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के साझा प्रयासों से रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों तक भी विकास की योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचे।
अजय टम्टा ने कहा कि विकास पुस्तिका केवल क्षेत्र में हुए कार्यों का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि यह जनता के प्रति जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही, पारदर्शिता और सुशासन का प्रमाण भी है। उन्होंने कहा कि विकास की यह यात्रा आगे भी जारी रहेगी और प्रत्येक नागरिक तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सहित कई क्षेत्रों में हुए कार्य
विकास पुस्तिका में रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम और ग्रामीण इलाकों में नई सड़कों के निर्माण, मौजूदा मोटर मार्गों के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण से जुड़े कार्यों का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है। इसके अलावा पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, ग्रामीण क्षेत्रों में विकास परियोजनाओं तथा मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में किए गए कार्यों को भी पुस्तिका में प्रमुखता से स्थान दिया गया है।
पुस्तिका में क्षेत्र के युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर पैदा करने, पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों की जानकारी भी दी गई है। आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य जनता को पिछले चार वर्षों में क्षेत्र में हुए प्रमुख विकास कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराना है।
विधायक प्रमोद नैनवाल ने गिनाईं उपलब्धियां
कार्यक्रम में रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में रानीखेत विधानसभा में हुए प्रमुख विकास कार्यों और उपलब्धियों को जनता के सामने रखने के उद्देश्य से यह विकास पुस्तिका तैयार की गई है।
उन्होंने कहा कि पुस्तिका के माध्यम से क्षेत्र की जनता को यह जानकारी मिल सकेगी कि अलग-अलग क्षेत्रों में किस प्रकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने विकास कार्यों के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार के सहयोग के लिए आभार भी जताया।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे मौजूद
विकास पुस्तिका विमोचन कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गिरीश भगत, मंडल अध्यक्ष ललित मेहरा, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष विनोद भार्गव, अनुसूचित जाति मंडल उपाध्यक्ष दिनेश चन्द्र सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया गया।


