रानीखेत में एसएसबी सीमांत मुख्यालय में श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया गणेश चतुर्थी महोत्सव

श्रद्धा एवं धार्मिक रीति-रिवाज के साथ मनाया गया श्री गणेश चतुर्थी पर्व।

सात दिवसीय पूजनोत्सव में प्रतिदिन हुई विशेष आरती व धार्मिक अनुष्ठान, हवन-पूजन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन; जयकारों के बीच गणपति प्रतिमा का हुआ विसर्जन

रिपोर्ट — बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सीमांत मुख्यालय रानीखेत परिसर में महानिरीक्षक अमित कुमार के मार्गदर्शन में श्री गणेश चतुर्थी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सात दिवसीय गणेश पूजनोत्सव के दौरान परिसर में धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें एसएसबी के अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

गणेश चतुर्थी के प्रथम दिन वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण विधि-विधान के साथ विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की स्थापना की गई। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना और आरती संपन्न हुई। इस दौरान बलकर्मियों के सुख, समृद्धि, आरोग्य और परिवारों की खुशहाली की कामना की गई। प्रतिमा स्थापना के साथ ही परिसर में सात दिवसीय भव्य पूजनोत्सव का शुभारंभ हुआ।

पूजनोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम विशेष आरती, धार्मिक अनुष्ठान एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों तथा परिसर में निवास करने वाले उनके परिजनों ने पूर्ण श्रद्धा और निष्ठा के साथ भाग लिया। पूरे परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा और गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय रहा।

उत्सव के छठवें दिन वैदिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य हवन-पूजन का आयोजन किया गया। हवन में अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों ने सहभागिता कर क्षेत्र, बल और देश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। हवन-पूजन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों ने प्रसाद ग्रहण किया।

सात दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान ‘गणपति बाप्पा मोरया’ के गगनभेदी जयकारों और ढोल-नगाड़ों की थाप से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण वातावरण में भगवान गणेश को विदाई दी और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।

इस अवसर पर उप महानिरीक्षक परिक्षित बेहरा, उप महानिरीक्षक दुर्गा बहादुर सोनार, उप महानिरीक्षक सुरेश सुब्रमणयम, उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) डॉ. चंद्रका हयाँकी, कमांडेंट (संचार) देबासिस पाल, उप कमांडेंट प्रभाकर, उप कमांडेंट हरीश चंद्र सिंह बिष्ट, उप कमांडेंट अनिल कुमार जोशी, सहायक अभियंता रितेश कुमार सिंह सहित एसएसबी के अन्य अधिकारी, जवान एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

See also  रानीखेत हत्याकांड का खुलासा: स्कूटी पर खरोंच के विवाद का लिया खूनी बदला, आरोपी गिरफ्तार
error: Content is protected !!