रानीखेत में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान

मजखाली में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” शिविर आयोजित, मौके पर हुआ समस्याओं का निस्तारण।

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत राजकीय प्राथमिक चिकित्सालय सुंदरखाल रोड, मजखाली में एक दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी ली और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

शिविर में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) रामजीशरण शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। वहीं संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, राजस्व समेत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आवास योजनाओं, सामाजिक पेंशन, राशन कार्ड निर्माण एवं संशोधन, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा, कृषि सुधार, उद्यान विभाग की योजनाओं और स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।

मौके पर हुआ कई समस्याओं का समाधान

शिविर की खास बात यह रही कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही लोगों की शिकायतें सुनीं और कई समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया। इससे क्षेत्रीय ग्रामीणों को काफी राहत मिली।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने आवश्यक जांच के साथ जरूरतमंद मरीजों को दवाइयां भी वितरित कीं। इसके अलावा पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड, पेंशन संबंधी आवेदन और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी मौके पर तैयार किए गए।

सीडीओ ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने शिविर में अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और उनका समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए अधिकारी जनसमस्याओं के समाधान में गंभीरता और तत्परता दिखाएं।

अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास : दीपक ‘कन्नू’ साह

शिविर में जिला पंचायत सदस्य (डीडा) दीपक ‘कन्नू’ साह भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले ऐसे लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जो किसी कारणवश विभागीय कार्यालयों तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं और योजनाओं की जानकारी मिल रही है।

शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता के अनुसार आवेदन करें और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को दर्ज करते हुए उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी, परियोजना निदेशक केएन तिवारी, नायब तहसीलदार राजेन्द्र सिंह अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।

See also  हल्द्वानी: साका पंजा साहिब की झांकी को देख भावुक हुए लोग
error: Content is protected !!