इश्क, साजिश और खून: प्रेमी को गोली मारकर नहर में फेंका, फिर प्रेमिका की गला रेतकर हत्या

Share the News

डबल मर्डर मिस्ट्री: प्रेमी विक्रांत और राखी कश्यप की मौत से खुली साजिश की परतें

सहारनपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र में मिले प्रयागराज निवासी डूडा के शहर मिशन प्रबंधक विक्रांत और उनकी प्रेमिका राखी कश्यप की मौत ने सनसनी फैला दी है।

पहले 17 अप्रैल को विक्रांत का शव मिला, जबकि 27 अप्रैल को नौगांव के पास रजबहे में राखी का शव बरामद हुआ। इस दोहरे हत्याकांड ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि विक्रांत और राखी के बीच प्रेम संबंध थे। विक्रांत 15 अप्रैल को ऑफिस से लौटने के बाद अचानक लापता हो गए थे। 23 अप्रैल को उनकी पत्नी प्राची ने गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर राखी को पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन उसने कोई ठोस जानकारी नहीं दी। पुलिस ने उसकी लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर उसे छोड़ दिया। इसके अगले ही दिन राखी भी लापता हो गई।

जांच में यह भी सामने आया कि लापता होने से दो दिन पहले विक्रांत ने अपने बैंक खाते से 4 लाख रुपये निकाले थे। इन पैसों का क्या हुआ, यह अभी भी रहस्य बना हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, घटना से पहले राखी के घर पर एक पार्टी हुई थी, जिसमें विक्रांत समेत कई लोग मौजूद थे। इसी दौरान विक्रांत को गोली लगने की बात सामने आई है। राखी ने कंट्रोल रूम को फोन कर झूठी सूचना दी थी कि उसके पति ने खुद को गोली मार ली, लेकिन बाद में उसने बयान बदल दिया।

राखी का भी आपराधिक विवादों से जुड़ा इतिहास रहा है। उसकी दो शादियां हो चुकी थीं और दोनों में तलाक हो गया था। वह अलग-अलग जगहों पर रह चुकी थी और कई लोगों से उसके विवाद भी सामने आए हैं।

राखी की हत्या में भाजपा नेता सुधारस और उसके साथी कपिल का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। कपिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश में शहर के कई इलाकों में दबिश दी जा रही है।

पुलिस उन सभी लोगों से भी पूछताछ कर रही है, जिनसे आरोपियों ने घटना के दिन बातचीत की थी। इस डबल मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।

See also  रानीखेत रेंज मे गुलदार व जंगली जानवरों की गणना व निगरानी हेतु लगाये जायेगे ट्रेप कैमरे ‌- वन क्षेत्राधिकारी
error: Content is protected !!