रानीखेत में शारदीय नवरात्रि पर गूंजे मां दुर्गा के जयकारे, SSB सीमांत मुख्यालय में विधि-विधान से हुआ विशेष पूजन

देवभूमि की वादियों में गूंजे माता के जयकारे, सीमांत मुख्यालय SSB रानीखेत में शारदीय नवरात्रि पर हुआ भव्य पूजन।

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर देवभूमि उत्तराखंड की शांत वादियों में स्थित सशस्त्र सीमा बल (SSB) के सीमांत मुख्यालय रानीखेत का परिसर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। नवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में मुख्यालय परिसर स्थित ‘सर्वधर्म स्थल’ में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया।

पूजन कार्यक्रम में SSB के महानिरीक्षक अमित कुमार ने पूर्ण विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आदिशक्ति मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां जगत जननी से देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। साथ ही देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात वीर जवानों की सुरक्षा, स्वस्थ जीवन और कल्याण के लिए भी मंगल प्रार्थना की गई।

पूरे पूजन के दौरान सर्वधर्म स्थल में वैदिक मंत्रों, शंखध्वनि और भक्तिमय भजनों की गूंज सुनाई देती रही। मां दुर्गा के जयकारों से पूरा सीमांत परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया और मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम में उप-महानिरीक्षक परीक्षित बेहेरा, उप-महानिरीक्षक सुरेश सुब्रमण्यम समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी, SSB के अधिकारी-कर्मचारी तथा उनके परिवारजन मौजूद रहे। सभी ने नवरात्रि के इस पावन अवसर पर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा के संकल्प को मजबूत किया।

एकता और सांस्कृतिक परंपरा का संदेश

SSB सीमांत मुख्यालय में आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने बल परिवार के बीच एकता, भाईचारे, आपसी सौहार्द और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी दिया। सर्वधर्म स्थल में आयोजित कार्यक्रम ने विभिन्न आस्थाओं के बीच सद्भाव और सम्मान की भावना को भी मजबूत किया।

पूजन-अर्चन के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।

अधिकारियों एवं जवानों ने मां दुर्गा से देश और समाज की खुशहाली की कामना करते हुए राष्ट्र सेवा के अपने संकल्प को दोहराया। इस अवसर पर पूरा SSB परिवार भक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना से ओत-प्रोत नजर आया।

See also  मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना में रानीखेत के चार खिलाड़ियों का चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर
error: Content is protected !!