कोटद्वार। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जानकीनगर कोटद्वार में हनुमान जयंती के पावन अवसर पर सत्र 2025-26 की वार्षिक परीक्षा के उपरांत हवन-पूजन एवं परीक्षाफल पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आचार्य विनीत दुदपुडी जी द्वारा हवन-पूजन से किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि श्रीमती सुनीता देवी, विशिष्ट अतिथि पीएम श्री बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती बबीता ध्यानी एवं आर्यकन्या पाठशाला की प्रधानाचार्या श्रीमती रेनू नेगी, विद्यालय अध्यक्ष राजेंद्र जखमोला, प्रबंधक के.पी. नैथानी तथा प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती ने भगवान हनुमान एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती ने परीक्षाफल घोषित करते हुए बताया कि कक्षा 6, 7, 8 एवं 9 का परिणाम 100 प्रतिशत तथा कक्षा 11 का 99.28 प्रतिशत रहा। परीक्षा प्रभारी रोहित बलोदी के अनुसार जूनियर वर्ग में आराध्या बिष्ट ने 90.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तथा सीनियर वर्ग में व्योम लखेड़ा ने 91.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ओवरऑल टॉपर का स्थान हासिल किया।
समारोह में शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही जिला स्तरीय मैथ्स ओलंपियाड विजेता अदिति नेगी एवं उपविजेता अभिषेक आदर्श को भी पुरस्कृत किया गया। स्काउट एंड गाइड के तहत तमिलनाडु एवं लखनऊ में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले 14 छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाली 15 छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। युवा दिवस एवं मतदाता दिवस पर आयोजित प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विधायक जनसंपर्क अधिकारी मणिराम शर्मा, डॉ. रमाकांत कुकरेती, रविंद्र सिंह नेगी, टी.आर. पंथरी, प्रदीप नौटियाल, अनिल कोटनाला सहित विद्यालय परिवार के अनेक सदस्य एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

