हल्द्वानी में पुलिस पर गंभीर आरोप: विधायक सुमित हृदयेश बोले—“फर्जी केस बर्दाश्त नहीं”, बड़े आंदोलन की चेतावनी
हल्द्वानी। विधायक सुमित हृदयेश ने प्रेस वार्ता कर पुलिस कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “देवभूमि में फासीवाद नहीं चलेगा और निर्दोष लोगों पर फर्जी मुकदमे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।”
प्रेस वार्ता के दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं और पीड़ित परिवारों ने भी पुलिस पर दुर्व्यवहार और दमनात्मक कार्रवाई के आरोप लगाए। मामला उन युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं से जुड़ा है, जो मदरसन कंपनी में कामगारों के समर्थन में पहुंचे थे। आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद पुलिस ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की और फर्जी मुकदमों में फंसाने की कोशिश की।
विधायक सुमित हृदयेश ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि फर्जी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
वहीं, पीड़ित परिवारों ने भी पुलिस पर मारपीट और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे मामला और गरमा गया है।
प्रेस वार्ता के अंत में विधायक ने चेतावनी दी कि कांग्रेस जल्द ही इस मुद्दे को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ेगी, जिससे उत्तराखंड की राजनीति में हलचल तेज हो सकती है।

