कांग्रेस कार्यालय में भव्य स्वागत, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प
रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। उत्तराखंड कांग्रेस अनुसूचित जाति (एससी) विभाग ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गुसाईं राम (सेवानिवृत्त प्रबंधक, ग्रामीण बैंक) को संगठनात्मक जिला रानीखेत (रानीखेत–सल्ट–द्वाराहाट) का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल द्वारा संगठन के विस्तार और जनाधार को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई।
नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यालय रानीखेत में गुसाईं राम का कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत और सम्मान किया। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने विश्वास जताया कि गुसाईं राम का प्रशासनिक अनुभव, सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और संगठनात्मक कार्यशैली एससी विभाग को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन गांव-गांव और बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत होगा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष गुसाईं राम ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व, एससी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल तथा कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि करन माहरा के नेतृत्व और विश्वास के कारण उन्हें संगठन की सेवा करने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अनुसूचित जाति विभाग को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे तथा कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों और विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, पीसीसी सदस्य कैलाश पांडेय, नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट, चिलियानौला अध्यक्ष कमलेश बोरा, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष कल्पना आर्या, कार्यालय प्रबंधक रमेश पंत, त्रिलोक आर्या, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


