हल्द्वानी में स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, बिजली बिलों की प्रतियां जलाकर किया विरोध प्रदर्शन

Share the News

हल्द्वानी। शहर में स्मार्ट मीटर के विरोध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को कांग्रेस नेता ललित जोशी के नेतृत्व में बुद्ध पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने स्मार्ट मीटर योजना के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बढ़े हुए बिजली बिलों की प्रतियां जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया और बिजली विभाग व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उनका कहना है कि पहले की तुलना में अब लोगों को कहीं अधिक बिजली बिल चुकाने पड़ रहे हैं, जिससे आम और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर योजना जनता के हित में नहीं है और इससे उपभोक्ताओं को राहत मिलने के बजाय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेता ललित जोशी ने कहा कि सरकार और बिजली विभाग को उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेना चाहिए।

उन्होंने मांग की कि स्मार्ट मीटर योजना की निष्पक्ष समीक्षा कराई जाए और जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अनियमित बढ़ोतरी हुई है, उनकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शन में मौजूद लोगों ने सरकार से स्मार्ट मीटर योजना पर पुनर्विचार करने तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।

साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा तथा जिलेभर में विरोध प्रदर्शन तेज किए जाएंगे।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार से आम जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए बिजली बिलों में कथित अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

See also  'बीजेपी ने 30 करोड़ रुपये खनन माफिया से इकट्ठे किए', कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत का आरोप
error: Content is protected !!