धारी ब्लॉक में बारिश से स्कूल की दीवार गिरी, कांग्रेस नेता बोले— सरकार बड़ी दुर्घटना का कर रही इंतजार
भीमताल। धारी ब्लॉक की दूरस्थ अम्दौ ग्राम सभा में बुधवार रात हुई भारी बारिश के कारण प्राथमिक विद्यालय की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे विद्यालय भवन पर खतरा मंडराने लगा है।
कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने प्रशासन से सुरक्षा दीवार का शीघ्र निर्माण कराने की मांग करते हुए कहा कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बड़ा नुकसान हो सकता है।
मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि मानसून की शुरुआती बारिश ने ही सरकार के विकास कार्यों की गुणवत्ता की पोल खोल दी है।
उन्होंने कहा कि बाबियाड–टपूवा–दुदुली मोटर मार्ग का डेंजर जोन वर्षों से हादसों का कारण बना हुआ है। कई बार धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन देने के बावजूद शासन-प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण दोपहिया वाहन लगातार फिसल रहे हैं, जबकि कई कारें और अन्य वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं।
वर्तमान में किसानों की उपज मंडियों तक पहुंचाने का सीजन शुरू हो चुका है, लेकिन सड़क की बदहाली से दूध और सब्जियों से लदे वाहन भी फंस रहे हैं। इससे दुग्ध उत्पादकों और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार की उपेक्षा के कारण ग्रामीणों की मेहनत का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जिससे युवा पलायन को मजबूर हो रहे हैं और लोग खेती छोड़ने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये पानी निकासी की नालियों के नाम पर खर्च किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका कोई अस्तित्व दिखाई नहीं देता।
मनोज शर्मा ने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि चुनाव के समय जनता से वोट मांगने आने वाले नेताओं से सड़क, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं पर जवाब जरूर मांगा जाए।
उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता सरकार की कार्यशैली से निराश और हताश हो चुकी है।

