हल्द्वानी। भीमताल विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और किसानों से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने शुक्रवार को मंडी समिति हल्द्वानी के सचिव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
मनोज शर्मा ने कहा कि वह लंबे समय से भीमताल विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याओं का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा लगभग 95 प्रतिशत कृषि प्रधान क्षेत्र है, लेकिन यहां के किसान और काश्तकार आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कठिन जीवन जीने को मजबूर हैं। मुख्य और संपर्क मार्गों के साथ-साथ गांवों के अंदर की सड़कें, पैदल रास्ते और पुलियाएं वर्षों से जर्जर स्थिति में हैं, जिससे ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर उनकी हकीकत दिखाई नहीं देती। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की मेहनत से हल्द्वानी मंडी समिति संचालित होती है, उन्हीं किसानों के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।
ज्ञापन में मंडी समिति से मांग की गई कि किसानों के गांवों की सड़कों, पैदल मार्गों और पुलियाओं की मरम्मत मंडी समिति के माध्यम से कराई जाए। साथ ही मंडी की कल्याणकारी योजनाओं का दूरस्थ क्षेत्रों तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, किसानों को समय-समय पर निशुल्क खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए, आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी एवं रियायती दरों पर वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा मंडी में किसानों के ठहरने के लिए स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएं।
इस दौरान शिष्टमंडल में सूरज दानी, भैरव तिवारी, धीरज दानी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

