अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास एवं ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आयोजित
कोटद्वार। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जानकीनगर, कोटद्वार में सामूहिक योगाभ्यास एवं ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत, आचार्यगण एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
विद्यालय के मीडिया एवं परीक्षा प्रभारी आचार्य रोहित बलोदी ने बताया कि योग प्रशिक्षक योगेश नेगी के निर्देशन में ताड़ासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासनों तथा अनुलोम-विलोम, कपालभाति जैसे प्राणायामों का अभ्यास कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रीष्मकालीन अवकाश के कारण विद्यार्थियों ने अपने-अपने घरों में योगाभ्यास किया। वहीं प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती ने डिजिटल वेबिनार के माध्यम से छात्र-छात्राओं को योग के महत्व से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित योग करने का संदेश दिया।
योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में कुमकुम रावत ने प्रथम, श्रेया थपलियाल ने द्वितीय तथा पीयूष रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में आराध्या बिष्ट प्रथम, रिद्धियांशा असवाल द्वितीय और रुद्रांश जदली तृतीय स्थान पर रहे।
विद्यालय परिवार ने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में आचार्य रोहित बलोदी, आचार्य राहुल भाटिया एवं शारीरिक विभाग प्रभारी मोहन सिंह गुसाईं का विशेष योगदान रहा।

